
गोविंदपुर (धनबाद): Crescent International School की 11वीं (A) की छात्रा कोमल कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। कोमल ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र Consortium for Educational Communication (CEC) द्वारा आयोजित ‘EduToon & EduWrite 2026-27’ प्रतियोगिता के एडूटून (EduToon) वर्ग में स्कूल स्टूडेंट्स श्रेणी के तहत प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
15 अक्टूबर 2026 को घोषित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कोमल ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और तकनीकी कौशल के दम पर यह बाजी मारी। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें ₹5,000 की नकद पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। कोमल के पिता श्री राजेश पाल, माता श्रीमती शकुंतला देवी और उनके मेंटर श्री रोशन कुमार मिश्रा का मार्गदर्शन इस सफलता के पीछे अहम रहा।
विद्यालय के निदेशक श्री ईसा शमीम और प्राचार्य ने कोमल की इस उपलब्धि पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रचनात्मकता, नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर देना है। कोमल की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

