लोयाबाद थाना का ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने किया निरीक्षण…लोयाबाद: धनबाद जिला ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को लोयाबाद थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभिलेख संधारण की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, मालखाना, हाजत, अभिलेख पंजी तथा सीसीटीवी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी कपिल चौधरी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने थाना प्रभारी पिकु प्रसाद को नए थाना भवन के निर्माण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों से पत्राचार करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने पर विशेष बल दिया। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि
“पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मामलों का समयबद्ध निष्पादन करना है। इस प्रकार के निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, पारदर्शिता और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।”
गौरतलब है कि इससे पूर्व 22 जनवरी को डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नौशाद आलम द्वारा भी लोयाबाद थाना का निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर जयप्रकाश महतो, थाना प्रभारी पिकु प्रसाद, एसआई रोहित कुमार यादव, एएसआई नवल किशोर शुक्ला, मिन्हाज खान, अवधेश सिंह, विनोद पासवान सहित सभी हवलदार, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
