धनबाद और आसपास के जिलों के रेल यात्रियों के लिए दक्षिण भारत की राह आसान बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। कोयलांचल की बेहतर कनेक्टिविटी की मांग को देखते हुए भाजपा ग्रामीण जिला के वरीय उपाध्यक्ष बलदेव महतो ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने स्थानीय सांसद को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 22838/22837 (हटिया-एर्नाकुलम-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के परिचालन विस्तार का आग्रह किया है।
धनबाद: कोयलांचल और आसपास के जिलों के यात्रियों को दक्षिण भारत की बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से ग्रामीण जिला भाजपा के वरीय उपाध्यक्ष बलदेव महतो ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने स्थानीय सांसद को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 22838/22837 (हटिया-एर्नाकुलम-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के परिचालन को हटिया के बजाय धनबाद रेलवे स्टेशन से शुरू करने का आग्रह किया है।
लाखों यात्रियों को होगा सीधा लाभ
वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन हटिया से शाम 5:00 बजे प्रस्थान करती है। बलदेव महतो का तर्क है कि यदि इस ट्रेन का विस्तार धनबाद तक कर दिया जाए, तो इसका सीधा लाभ न केवल धनबाद, बल्कि गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और जामताड़ा के लाखों लोगों को मिलेगा। इन जिलों के लोग इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए बड़ी संख्या में दक्षिण भारत की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन सेवा के अभाव में उन्हें रांची या अन्य स्टेशनों की दौड़ लगानी पड़ती है।अगर इस में चार बोगी और बढ़ा दिया जाए तो बहुत हद तक यात्री की असुबिधा का हल हो सकता है.
सदन में मुद्दा उठाने की अपील
भाजपा नेता ने सांसद से विनम्र आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए इस विषय को वर्तमान संसदीय सत्र में प्रमुखता से उठाया जाए। उन्होंने बताया कि धनबाद एक बड़ा रेल हब है और यहाँ से एर्नाकुलम के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने से रेलवे के राजस्व में भी भारी वृद्धि होगी।
क्षेत्रीय मांग और उम्मीद
इस मांग के बाद क्षेत्र के रेल यात्रियों में उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धनबाद से केरल की ओर जाने वाली ट्रेनों की संख्या सीमित है। अगर हटिया-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को धनबाद से चलाया जाता है, तो यह उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात होगी।

