धनबाद, 12 अक्टूबर 2026
ग्लोवल स्कूल ऑफ इंडिया के प्रांगण में आज सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना से ओत-प्रोत रक्तदान एवं जागरूकता शिविर का अत्यंत सफल आयोजन किया गया। श्रीनिवास ब्लड सेंटर और पाटलिपुत्र हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विशेष रूप से आमंत्रित अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और नई पीढ़ी में मानवीय संवेदनाओं को जागृत करना था। इस अवसर पर पाटलिपुत्र हॉस्पिटल के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।
आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चाँदनी त्रिगुणायत ने कहा कि रक्तदान महादान है। जब बच्चे अपने माता-पिता और शिक्षकों को इस प्रकार के निस्वार्थ सेवा कार्य में योगदान देते देखते हैं, तो उनमें बचपन से ही सामाजिक उत्तरदायित्व और सहानुभूति की भावना बलवती होती है।
चिकित्सकों की देखरेख में सभी सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए दर्जनों अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम के समापन पर समाज के प्रति इस अमूल्य योगदान के लिए सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजन करते रहने का संकल्प लिया गया।

